शैम्बो को वध के लिए बूचड़खाना ले जाया गया

29 07 2007

shambo महीनों से धर्म और सरकार के बीच विचित्र टकराव की वजह रहा पवित्र सांड़ शैम्बो की मौत निश्चित है। शैम्बो को गुरुवार की सुबह वेल्स के अधिकारी बूचड़खाना ले गए जहां उसे जहर की सुई देकर मौत की नींद सुला दिया जाएगा।

6 वर्षीय यह पवित्र सांड़ स्कंद वेल मंदिर में हिन्दू श्रद्धालुओं की आस्था और प्यार का प्रतीक बना हुआ था। वध के लिए अधिकारियों की गिरफ्त में आने से रोकने के लिए ब्रिटेन, स्विटजरलैंड और न्यूजीलैंड के दर्जनों हिन्दू मंदिर परिसर में मौजूद थे। सुरक्षाकर्मियों ने इन सभी हिन्दुओं को जबरन परिसर से हटाया और शैम्बो को अपने कब्जे में लिए। शैम्बो को भजन-कीर्तन, वैदिक मंत्रों के पाठ, प्रार्थना आदि के धार्मिक माहौल में अंतिम विदाई दी गयी। इस मौके पर सभी हिन्दू बेहद भावुक नजर आए और उनके चेहरे पर सरकार के प्रति नाराजगी और वितृष्णा का भाव स्पष्ट देखा जा सकता था। कई हिन्दुओं ने सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश प्रकट किया। शैम्बो को एक वाहन में लाद कर बूचड़खाना ले जाया गया। शुरू में हिन्दू कार्यकर्ताओं ने इन अधिकारियों को मंदिर परिसर में घुसने नहीं दिया। बाद में ये अधिकारी कोर्ट से वारंट लेकर वापस लौटे। पुलिसकर्मियों ने ताकत का इसतेमाल कर शैम्बो के इर्द-गिर्द बनी मानव श्रृंखला को तोड़ दिया।

द गार्जियन अखबार ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए शैमब्लॉग नाम से एक ब्लॉग खोला था। इस ब्लॉग पर कई लोगों की प्रतिक्रिया मिली। इस ब्लॉग पर कई लोगों ने शैम्बो के लिए हिन्दुओं द्वारा चलाए गए अभियान के खिलाफ प्रतिक्रिया दी है। कुछ लोगों ने इस पूरी कवायद को अतार्किक और आधुनिक सोच से परे करार दिया है। कई लोगों ने शैम्बो को मौत के घाट उतारे जाने के सरकारी फैसले पर विरोध भी जताया है। इस बीच स्कंद वेल मंदिर के एक अधिकारी माइकल ने वेल्स एसेंबली के रवैये की जमकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मंदिर को अपभ्रष्ट किया है और एक निर्दोष प्राणी की जिंदगी नष्ट कर दी है। हिन्दू फोरम ऑफ ब्रिटेन के महासचिव रमेश कल्लीदई ने इस पर गहरा दुख प्रकट किया है।